कांग्रेस कार्यसमिति का प्रस्ताव: पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तत्काल इस्तीफा दें, SIR पर लगे रोक
नई दिल्ली | 29 सितंबर — कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) ने मंगलवार को चुनाव आयोग के विशेष गहन संशोधन (SIR) का विरोध तेज करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे, SIR प्रक्रिया पर तुरंत रोक और मतदाता सूचियों से हटाए गए 13 करोड़ 30 लाख नामों की बहाली की मांग की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में ढाई घंटे चली बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, के.सी. वेणुगोपाल और जयराम रमेश समेत वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
प्रस्ताव में कहा गया कि मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त के नेतृत्व में आरएसएस-भाजपा ने चुनाव आयोग की मदद से पूरी चुनावी प्रक्रिया पर कब्जा कर लिया है, जिससे लोकतंत्र को गंभीर खतरा है। पार्टी का आरोप है कि 'वोट चोरी' चुनाव आयोग की मदद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की ओर से संगठित की गई। प्रस्ताव में ज्ञानेश कुमार को 'केवल एक मोहरा' बताते हुए पीएम मोदी के इस्तीफे की भी मांग उठाई गई।
बैठक के बाद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा कि राहुल गांधी पिछले 18 महीनों से लगातार यह मुद्दा उठा रहे हैं और उन्होंने सबूत पेश किए हैं कि चुनाव आयुक्त 'समझौतावादी' है, चुनाव व्यवस्था धांधली वाली है और यह भाजपा के फायदे के लिए बनाई गई है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह संसद, अदालतों और सड़कों पर तब तक संघर्ष करेगी, जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती और चुनाव आयोग स्वतंत्र संवैधानिक संस्था के रूप में बहाल नहीं होता।
Comments
Post a Comment