गोंदिया: वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर देवरी वन्यजीव परिक्षेत्र की ओर से वन और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के लिए भव्य बाइक रैली का आयोजन किया गया। गोंदिया जिले के ग्रामीण इलाकों में इस रैली के जरिए नागरिकों को वन संरक्षण और वन्यजीवों की रक्षा का संदेश दिया गया।
रैली की शुरुआत मरामजोग गांव से हुई। इसके बाद रैली मुंडीपार, आमगाव, झुंजारीटोला, खामतलाव, निंबा, कोयलारी, मोहघाटा, आपकारीटोला और शेंडा गांवों से होते हुए गुजरी। रैली के दौरान गांववासियों से सीधा संवाद कर उन्हें वन और वन्यजीवों के संरक्षण के बारे में जागरूक किया गया।
रैली का संदेश — वन बचाओ, वन्यजीव बचाओ
जंगल अनगिनत वन्यजीवों, पक्षियों और जीव-जंतुओं का प्राकृतिक घर है। पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए वनों का संरक्षण बेहद जरूरी है। लेकिन जंगल कटाई, वनों में आग, वन्यजीवों का शिकार और मानवीय दखल जैसी चुनौतियां प्रकृति के सामने खड़ी हैं। रैली में नागरिकों से अपील की गई कि वनों को बचाएं, वन्यजीवों को परेशान करने वाले कामों से बचें, वनक्षेत्र में आग न लगे इसका ध्यान रखें और वन्यजीवों से जुड़ी कोई भी गलत घटना दिखे तो वन विभाग को तुरंत सूचना दें।
गावों में जनजागरूकता फैलाते हुए यह बाइक रैली कोयलारी कैंप पहुंची, जहां वनरक्षक व्ही. आर. सोडगीर ने रैली में शामिल सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगियों का आभार जताया। इसके बाद उपस्थितों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई और रैली का समापन हुआ। गोंदिया के इस वन परिक्षेत्र में आयोजित रैली ने यही संदेश दिया — वन और वन्यजीवों का संरक्षण सिर्फ वन विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है।
Comments
Post a Comment