मुंबई: मुंबई के सायन स्थित प्रतीक्षानगर के आणिक बस डिपो में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां पार्किंग में खड़ी एक वातानुकूलित इलेक्ट्रिक BEST बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास खड़ी दूसरी बसों को भी चपेट में ले लिया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक 8 से 10 बसें जलकर खाक हो गई हैं। राहत की बात है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के मुताबिक आग शाम करीब 5:44 बजे एक खाली बस में लगी। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास खड़ी बसों तक पहुंच गईं। डिपो में बड़ी संख्या में बसें खड़ी होने से आग फैलने का खतरा बढ़ गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटनास्थल पर धमाकों की आवाज सुनाई देने का दावा किया, जबकि दूर से भी धुएं का काला गुबार दिखाई दे रहा था।
सूचना मिलते ही मुंबई दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग को स्तर-एक की घटना के रूप में दर्ज किया गया। दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और काफी प्रयास के बाद उस पर काबू पा लिया।
घटना के समय सभी बसें पार्किंग में खड़ी थीं और उनमें यात्री नहीं थे, इसलिए किसी के घायल होने की खबर नहीं है। आग लगने की वजह फिलहाल सामने नहीं आई है। BEST प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। जली हुई बसों की वास्तविक संख्या और नुकसान का आकलन जांच के बाद होगा।
© Bolbindu News Channel • All Rights Reserved

Comments
Post a Comment