राहुल गांधी के दौरे से पहले बालाघाट में एक और बच्ची की मौत, 34 हुई मौतों की संख्या
बालाघाट | 1 अक्टूबर — बालाघाट जिले के बैगा क्षेत्रों में फैली संक्रामक बीमारी ने एक और मासूम की जान ले ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बालाघाट दौरे से ठीक पहले 11 वर्षीय बालिका सुषमा मर्सकोले की बुधवार रात लगभग 2 बजे जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही क्षेत्र में संक्रमण से मरने वाले बच्चों की संख्या 34 हो गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न दाहिया ने मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि बालिका को मलेरिया हुआ था। छह दिन पहले उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉ. दाहिया के अनुसार, सुषमा को मलेरिया के साथ मल्टीपल डिसीज भी थी। लगातार उपचार से मलेरिया नियंत्रित हो चुका था, लेकिन अन्य बीमारी के कारण बालिका अचेत अवस्था में थी, जिसकी बुधवार देर रात मौत हो गई। रात ढाई बजे परिजन एंबुलेंस से शव लेकर सुन्दरवाही गांव पहुंचे और आज अंतिम संस्कार किया जाएगा।
बैहर और बिरसा विकासखंड के आदिवासी बैगा क्षेत्रों में मलेरिया, खसरा, कुपोषण सहित अन्य बीमारियों से अब तक सरकारी आंकड़ों में 34 बच्चों की मौत हो चुकी है। जबकि बैहर से कांग्रेस विधायक संजय उइके 43 मौतों का दावा कर चुके हैं। आज गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रभावित गांव जगला पहुंच रहे हैं, जहां वे मृत बच्चों के परिजनों से मिलेंगे। जगला में भी संक्रमित बीमारी से 4 बच्चों की मौत हो चुकी है।
Comments
Post a Comment