नाइजीरिया: नाइजीरिया में सोमवार को बड़ा विमान हादसा हो गया। देश के दक्षिण-पश्चिमी ओंडो राज्य के इग्बोकोडा के पास नाइजीरियाई वायुसेना का ATR-42 सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान में सवार 25 यात्रियों और 7 क्रू मेंबर्स समेत सभी 32 लोगों की मौत हो गई है। नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने किसी के भी जीवित न बचने की पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है और 3 दिन के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है।
विमानन मंत्री फेस्टस कियामो के मुताबिक वायुसेना का ATR-42 विमान बेनिन शहर से लागोस के लिए एक नियमित मिशन पर उड़ान भर रहा था। सोमवार सुबह करीब 08:13 GMT पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल से विमान का संपर्क अचानक टूट गया। काफी मशक्कत के बाद तटीय शहर इग्बोकोडा के पास एक नौसैनिक अड्डे के समीप दलदली क्रीक वाले इलाके में विमान का मलबा बरामद हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन प्रतिक्रिया दल और खोज व बचाव दल स्पीडबोट्स के जरिए क्रीक वाले तटीय क्षेत्र में पहुंचे। राष्ट्रपति टिनुबू ने हादसे के कारणों की तत्काल और गहन उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
बता दें कि हाल के वर्षों में नाइजीरिया में हुई यह सबसे भीषण हवाई त्रासदियों में से एक है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में दिखाया गया कि नदी के पास भीड़ जुटी हुई है और रेस्क्यू टीम नाव से इलाके की जांच कर रही थी।
© Bolbindu News Channel • All Rights Reserved

Comments
Post a Comment