चांगलांग (अरुणाचल प्रदेश)। भारत-म्यांमार सीमा पर मंगलवार (29 सितंबर) सुबह संदिग्ध उग्रवादियों ने असम राइफल्स की गश्ती टीम पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में 21 असम राइफल्स के हवलदार जंखोखाई कुकी (42) शहीद हो गए, जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं।
हमला सुबह करीब 6:30 बजे नामपोंग सर्कल के नामपोंग नाला के पास हुआ, जहां सीमा पर बाड़बंदी (बॉर्डर फेंसिंग) का काम चल रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, गश्त कर रहे दल पर अचानक गोलीबारी की गई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है और इलाके में सुरक्षा बलों ने तलाशी एवं आतंकवाद-रोधी अभियान तेज कर दिया है।
प्रारंभिक रिपोर्टों में प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन NSCN (K-YA) के हाथ होने का शक जताया गया है, हालांकि अधिकारियों ने हमलावरों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की है। चांगलांग के एसपी किरली पाडू ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस थाना प्रभारी को विस्तृत जानकारी जुटाने का निर्देश दिया गया है।
चांगलांग जिले का भारत-म्यांमार सीमा क्षेत्र उग्रवादी गुटों की सीमा-पार आवाजाही की वजह से लंबे समय से संवेदनशील बना हुआ है। असम राइफल्स की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है।

Comments
Post a Comment